कन्नूर/तिरुवनंतपुरम (केरल), 25 फरवरी (भाषा) केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज बुधवार को यहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब मंत्री एक ट्रेन में सवार होने के लिए कन्नूर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं।
राज्य विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमसीर घटना के समय रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मंत्री के हाथ और गर्दन में चोटें आई हैं।
समाचार चैनलों द्वारा प्रसारित दृश्यों में पुलिसकर्मियों के साथ मंत्री प्रदर्शनकारियों के बीच घिरी दिख रही हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पी. जयराजन ने बताया कि मंत्री जॉर्ज को यहां के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज गहन चिकित्सा इकाई में किया जा रहा है।
कुछ मरीजों से जुड़ी कथित चिकित्सा लापरवाही की घटनाओं के बाद जॉर्ज को पिछले एक सप्ताह से विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पर कांग्रेस की छात्र इकाई केएसयू के कार्यकर्ताओं के कथित हमले की निंदा की और इसे पार्टी की ओर से ‘निंदनीय राजनीति’ का कृत्य बताया।
मुख्यमंत्री विजयन ने एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य मंत्री पर कन्नूर रेलवे स्टेशन पर हमला उस समय हुआ जब वह प्लेटफार्म की ओर जा रही थीं और उन्हें चोटें आईं।
विजयन ने कहा, ‘वहां जो कुछ हुआ वह किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि हिंसक व्यक्तियों के एक समूह का उपद्रव था।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि केरल में भारत की सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणालियों में से एक है, जिसे आधिकारिक एजेंसियों ने भी मान्यता दी है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह कुछ घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करके एक ऐसे मंत्री को निशाना बना रही है जिनकी इसमें कोई संलिप्तता नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा कृत्य राजनीति नहीं, बल्कि राजनीतिक पतन हैं।’’
कांग्रेस नेतृत्व को चेतावनी देते हुए विजयन ने कहा कि उन्हें यह नहीं सोचना चाहिए कि वे ‘अपने समर्थकों को उकसाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ सकते हैं या राज्य में अशांति फैला सकते हैं।’
उन्होंने कहा कि इस घटना की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के नेतृत्व पर है। उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह से निराधार आरोप लगाकर राजनीति को दूषित करने के उनके तरीके को दर्शाता है।
इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। विजयन ने कहा, ‘केएसयू कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हमला पूरी तरह से निराधार आरोप लगाकर राजनीति को दूषित करने के उनके तरीके को प्रतिबिंबित करता है। यह घटना अत्यंत निंदनीय है जिसका कड़ा विरोध किया जाना चाहिए।’’
भाषा अमित संतोष
संतोष