कन्नूर (केरल), 25 फरवरी (भाषा) केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज यहां विपक्षी छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर घायल हो गईं।
यह घटना उस समय हुई जब मंत्री एक ट्रेन में सवार होने के लिए कन्नूर रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
राज्य विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमसीर घटना के समय रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मंत्री के हाथ और गर्दन में चोटें आई हैं।
समाचार चैनलों द्वारा प्रसारित दृश्यों में पुलिसकर्मियों के साथ मंत्री प्रदर्शनकारियों के बीच फंसी हुई दिख रही हैं। उन्हें यहां के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज पर हुए ‘‘केएसयू हमले’’ की निंदा की और इसे ‘‘हिंसक व्यक्तियों द्वारा किया गया उपद्रव’’ बताया।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश