केरल सिंचाई विभाग ने नदियों का जलस्तर बढ़ने पर जारी किया अलर्ट
केरल सिंचाई विभाग ने नदियों का जलस्तर बढ़ने पर जारी किया अलर्ट
तिरुवनंतपुरम, एक अगस्त (भाषा) केरल में लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद सिंचाई विभाग ने शनिवार को राज्य की कई नदियों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।
विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट का अर्थ गंभीर बाढ़ की स्थिति से होता है। यह उस समय जारी किया जाता है जब नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच जाता है। वहीं, येलो अलर्ट तब जारी किया जाता है, जब नदी का जलस्तर सामान्य से ऊपर होता है, लेकिन खतरे के स्तर से नीचे रहता है।
सिंचाई विभाग के मुताबिक, एर्नाकुलम जिले के थोडुपुझा स्टेशन पर मुवाट्टुपुझा नदी, कोल्लम जिले के पुनलुर स्टेशन पर कल्लाडा नदी, कोट्टायम जिले के पाला स्टेशन पर मीनाचिल नदी और मणिमाला स्टेशन पर मणिमाला नदी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, पथनमथिट्टा जिले के कुरुदामन्निल स्टेशन पर पम्पा नदी और कल्लेली स्टेशन पर अचनकोविल नदी के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।
एर्णाकुलम जिले के कक्काडासेरी स्टेशन पर मुवाट्टुपुझा नदी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सिंचाई विभाग ने लोगों से इन नदियों से दूर रहने और उन्हें पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इस बीच, भारी बारिश की वजह से जलाशयों में जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद कई बांधों के गेट खोल दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बांधों के निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


