केरल: विहिप नेता और फिल्म निर्देशक समेत चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज
केरल: विहिप नेता और फिल्म निर्देशक समेत चार लोगों के खिलाफ पॉक्सो का मामला दर्ज
कोच्चि, 30 अप्रैल (भाषा) प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान सुर्खियों में आई और बाद में केरल के एक मंदिर में अपने मुस्लिम दोस्त से शादी करने वाली एक लड़की की शिकायत पर पॉक्सो कानून के तहत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें एक विहिप नेता और एक फिल्म निर्देशक शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता और वकील अनिल विलायिल तथा फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा इस मामले के चार आरोपियों में शामिल हैं।
यह प्राथमिकी बुधवार को लड़की की शिकायत के बाद दर्ज की गई, जिसने निर्देशक पर अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान उसके साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने कहा कि यह मामला शादी को लेकर हुए विवाद से भी जुड़ा है, जब लड़की के माता-पिता ने दावा किया कि वह 16 साल की है और उसके पति फरमान के खिलाफ मध्य प्रदेश के महेश्वर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, लड़की ने दावा किया है कि वह 18 साल की है।
मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम हाल में मामले की जांच के लिए केरल आई थी।
केरल उच्च न्यायालय ने आठ अप्रैल को फरमान को 20 मई तक गिरफ्तारी से अस्थायी संरक्षण प्रदान किया था।
लड़की ने इस महीने की शुरुआत में राज्य के पुलिस प्रमुख और कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त को सुरक्षा की मांग करते हुए एक अर्जी दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसे जबरन मध्य प्रदेश ले जाने की कोशिश की जा रही है।
तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में पिछले महीने हुई शादी में माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन, राज्य सरकार के मंत्री वी शिवनकुट्टी और पार्टी के राज्यसभा सदस्य ए ए रहीम शामिल हुए थे।
भाषा वैभव शफीक
शफीक

Facebook


