केरल: महिला के पेट में छूटा ‘सर्जिकल उपकरण’, ऑपरेशन कर निकाला गया

केरल: महिला के पेट में छूटा ‘सर्जिकल उपकरण’, ऑपरेशन कर निकाला गया

केरल: महिला के पेट में छूटा ‘सर्जिकल उपकरण’, ऑपरेशन कर निकाला गया
Modified Date: February 21, 2026 / 06:34 pm IST
Published Date: February 21, 2026 6:34 pm IST

अलाप्पुझा (केरल), 21 फरवरी (भाषा) केरल के अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2021 में ऑपरेशन कराने वाली एक महिला के पेट में सर्जरी में इस्तेमाल होने वाला उपकरण मिलने के बाद एक सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पुन्नप्रा निवासी उषा जोसेफ (51) के गर्भाशय में ‘ट्यूमर’ था। जोसेफ ने मई 2021 में जब इस ‘ट्यूमर’ की सर्जरी कराई, उस वक्त डॉ. ललिताम्बिका मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष थीं।

जोसेफ का शनिवार को एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ और उनके पेट से ‘सर्जिकल उपकरण’ को सफलतापूर्वक निकाल लिया गया।

अमृता अस्पताल ने एक बयान में बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान उनके अपने चिकित्सकों के अलावा सरकारी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गणेश मोहन और सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. अब्दुल सियाद ए. के. भी पूरी प्रक्रिया के दौरान वहां मौजूद रहे।

अस्पताल ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत संतोषजनक है।

इस संबंध में जोसेफ के एक रिश्तेदार ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अम्बलप्पुझा पुलिस ने शुक्रवार रात सेवानिवृत्त चिकित्सक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा विभाग ने पहले ही जोसेफ का ऑपरेशन करने वाली डॉ. शाहिदा को निलंबित कर दिया था, लेकिन प्राप्त शिकायत के आधार पर डॉ. ललिताम्बिका के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है तथा जांच के बाद इसमें और भी आरोपियों के नाम शामिल किए जा सकते हैं।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में