कोल्लम, 19 फरवरी (भाषा) केरल में एक संदिग्ध हैकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिस पर कथित रूप से पैसे के लिए सोशल मीडिया खातों और कंप्यूटर प्रणालियों को हैक करने तथा इसके लिए ऑनलाइन विज्ञापन पोस्ट करने का आरोप है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कोल्लम ग्रामीण साइबर पुलिस ने बुधवार को चित्रा निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया, जब अधिकारियों को नियमित साइबर गश्त के दौरान उसके ऑनलाइन विज्ञापन मिले।
अधिकारियों के अनुसार, साइबर टीम ने सोशल मीडिया के कई खातों पर ऐसे वीडियो देखे, जिनमें खाताधारकों ने विभिन्न व्यक्तिगत अकाउंट को हैक करने तथा चैट और कॉल विवरण तक पहुंच हासिल करने का दावा किया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कई वीडियो अपलोड कर यह दावा किया था कि वह भुगतान के बदले किसी भी व्यक्ति के व्हाट्सएप अकाउंट को हैक कर सकता है और उसके कॉल विवरण तक पहुंच सकता है।
मिली जानकारी के आधार पर, साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया खातों से जुड़ी पहचान का पता लगाया और कोल्लम के चित्रा निवासी एक व्यक्ति को इन पोस्टों के पीछे का व्यक्ति बताया, जो कथित तौर पर अवैध हैकिंग गतिविधियों में शामिल था।
यह मामला सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 43(ए) (कंप्यूटर, कंप्यूटर सिस्टम या कंप्यूटर नेटवर्क तक अनधिकृत पहुंच) और 66 (कंप्यूटर से संबंधित अपराध) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों से जल्द ही पूछताछ की जाएगी ताकि कथित हैकिंग गतिविधियों की सीमा और कार्यप्रणाली का पता लगाया जा सके।
पिछले साल, पथनमथिट्टा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर संवेदनशील डेटा को हैक किया था, जिस तक केवल कानून प्रवर्तन और दूरसंचार एजेंसियों की ही पहुंच थी।
भाषा तान्या रंजन
रंजन