केरल 15 अगस्त से ‘माई पुलिस स्टेशन’ सुधार आरंभ करेगा, उपनिरीक्षकों के हाथों में होगी थानों की कमान
केरल 15 अगस्त से ‘माई पुलिस स्टेशन’ सुधार आरंभ करेगा, उपनिरीक्षकों के हाथों में होगी थानों की कमान
तिरुवनंतपुरम, छह अगस्त (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बृहस्पतिवार को पुलिस व्यवस्था में बड़े बदलाव की घोषणा की।
इसके तहत 15 अगस्त से ‘माई पुलिस स्टेशन’ पहल शुरू की जाएगी, जिसके अंतर्गत ज़्यादातर थानों में उपनिरीक्षकों को थाना प्रभारी नियुक्त किया जाएगा।
चेन्निथला ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि इस पहल का मकसद थानों को लोगों के अनुकूल संस्थानों में बदलना है।
उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक एवं समुदाय-केंद्रित पुलिस प्रणाली को मज़बूत करके केरल पुलिस के लिए एक ‘ऐतिहासिक बदलाव’ की शुरुआत है।
सुधार के तहत, सरकार ने 15 अगस्त से राज्य के 484 कानून-व्यवस्था थानों में से 419 में उपनिरीक्षकों को थाना प्रभारी नियुक्त करने का फ़ैसला किया है।
इससे पहले की सरकार ने यह ज़िम्मेदारी क्षेत्रीय निरीक्षकों को सौंपी थी, जिसे अब बदल दिया गया है।
गृहमंत्री ने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 64 थानों में क्षेत्रीय निरीक्षक थाना प्रभारी के तौर पर काम करते रहेंगे, जबकि मुल्लापेरियार थाने की रणनीतिक अहमियत को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक वहां के प्रभारी बने रहेंगे।
उन्होंने कहा कि ‘माई पुलिस स्टेशन’ प्रोजेक्ट का मुख्य मकसद यह पक्का करना है कि थाना पहुंचने वाले हर व्यक्ति के साथ सम्मान से पेश आया जाए और उन्हें समय से बेहतर नागरिक अनुकूल सेवाएं मिलें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का एक और अहम मकसद हवालात में होने वाले अपराधों—जिनमें हवाला में मौत और उत्पीड़न शामिल हैं—को पूरी तरह खत्म करना है।
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन

Facebook


