कोच्चि, 29 मार्च (भाषा) कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को आरोप लगाया कि हरियाणा में चुनाव टिकट के बदले रिश्वत लेने के आरोप में उनके और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ दर्ज मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा प्रायोजित साजिश है।
वेणुगोपाल यहां हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट के बदले रिश्वत लेने के आरोप में उनके और सांसद कोडिकुन्निल सुरेश के खिलाफ दर्ज मामले से संबंधित पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने पूछा, “शिकायत पहले केरल के मुख्यमंत्री के अधीन पुलिस महानिदेशक को सौंपी गई थी। फिर भी कोई जांच क्यों नहीं की गई?”
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला चुनाव प्रक्रिया के तहत गढ़ा गया है और उन्होंने इसके लिए कानूनी कदम भी उठाए हैं।
उन्होंने कहा, “यह भाजपा-माकपा द्वारा प्रायोजित आरोप है। मैंने स्पष्ट कानूनी कदम उठाए हैं। मैंने शिकायत भी दर्ज कराई है। मामले की जांच होनी चाहिए।”
वेणुगोपाल ने कहा कि उन्हें किसी भी जांच का डर नहीं है, क्योंकि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के मुख्यमंत्री हाल के दिनों में चुनावी हार के डर से असहिष्णुता दिखा रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, “क्या मुख्यमंत्री, नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की आलोचना करने की हिम्मत करेंगे? उनके खिलाफ उनकी टिप्पणियां नरम हैं, ताकि वे (मोदी और शाह) नाराज न हों।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) सहित सांप्रदायिक दलों के साथ कोई समझौता नहीं किया है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश