केरलम : विजयन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर रोकने की मांग की

Ads

केरलम : विजयन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और एसआईआर रोकने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 01:47 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 01:47 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 25 सितंबर (भाषा) केरलम विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को हटाने की और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रोकने की मांग की।

माकपा के वरिष्ठ नेता विजयन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से जताई गई आपत्तियों के संबंध में हुए “खुलासों” ने भारत निर्वाचन आयोग के कामकाज पर “गंभीर सवाल” खड़े किए हैं।

विजयन की यह टिप्पणी एक समाचार पत्र की उस रिपोर्ट के बीच आई है, जिसमें मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े कई फैसलों और निर्देशों को लेकर तीन सदस्यीय चुनाव आयोग के भीतर मतभेद होने की बात कही गई है। इनमें नामों को हटाने और जोड़ने, नए मतदाताओं के लिए फॉर्म में बदलाव तथा मतदाता आंकड़ों तक पहुंच से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

केरलम के मुख्यमंत्री रह चुके विजयन ने कहा, “मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया जाना चाहिए, एसआईआर को रोका जाना चाहिए, गलत तरीके से बाहर किए गए लोगों के मतदान के अधिकार बहाल किए जाने चाहिए और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता एवं विश्वसनीयता की रक्षा की जानी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार भारत के लोगों का अधिकार है।

विजयन ने आरोप लगाया, “इस अधिकार में भाजपा और संघ परिवार के राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए हेरफेर नहीं किया जा सकता।”

भाषा रंजन मनीषा

मनीषा