यूपीएससी रैंक सूची में शामिल केरलवासियों ने सफलता पर खुशी व्यक्त की

Ads

यूपीएससी रैंक सूची में शामिल केरलवासियों ने सफलता पर खुशी व्यक्त की

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 06:44 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 06:44 PM IST

तिरुवनंतपुरम, छह मार्च (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को प्रशासनिक सेवा परीक्षा के परिणाम घोषित किए जाने के बाद, रैंक सूची में शामिल केरल के उम्मीदवारों ने अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की।

केरल से सर्वोच्च रैंक प्राप्त करने वाली उम्मीदवार आर श्रुति हैं, जिन्होंने 18वीं रैंक हासिल की।

तिरुवनंतपुरम की श्रीजा जे.एस., जिन्होंने 57वीं रैंक हासिल की, ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया और कहा कि उन्होंने कई कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद यह सुनिश्चित किया कि उन्हें शिक्षा मिले।

श्रीजा ने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर ली।

श्रीजा के पिता, जो एक मजदूर के रूप में काम करते हैं, की आंखों में आंसू थे।

परिवार ने कहा, “उसकी मेहनत रंग लाई है।”

कोझिकोड के दृष्टिबाधित अजय राज ने 109वीं रैंक हासिल की।

राज ने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा में यह उनका पांचवां प्रयास था और पिछले प्रयास में उनकी रैंक 730 थी।

उन्होंने मीडिया को बताया, “सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी केंद्र में मुझे मेरे परिवार और दोस्तों समेत कई लोगों का समर्थन मिला।”

उन्होंने कहा कि वह आईएएस बनना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि वे अपनी मौजूदा रैंक के साथ इसे हासिल कर लेंगे। 271वीं रैंक हासिल करने वाले सिद्धार्थ एम. जॉय ने कहा कि वह पिछले चार वर्षों से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है। पिछले चार वर्षों से इसके लिए प्रयास करने के बाद यह निश्चित रूप से एक खुशी का क्षण है।”

सूची में जगह बनाने वाले केरल के अन्य उम्मीदवार एच. आदित्य नारायणन (68), बी. गोपिका (105), विनीत लोहिताक्षन (129), वी. श्रीलक्ष्मी (133), विष्णुप्रिया (149), वी.के. सूर्या (162), एस. दिव्या (166), नितिन पी. (172), प्रदीप एस. (218) और अंजना बी. (222) हैं।

यूपीएससी ने शुक्रवार को रैंक सूची जारी की जिसमें 958 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की और उन्हें विभिन्न सेवाओं में नियुक्तियां मिलेंगी।

भाषा प्रशांत माधव

माधव