नंदू गिरोह का प्रमुख सदस्य दो करोड़ रुपये की जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार

Ads

नंदू गिरोह का प्रमुख सदस्य दो करोड़ रुपये की जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 06:48 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) गैंगस्टर कपिल सांगवान के एक प्रमुख सहयोगी को दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

कप्तान उर्फ ​​तन्ना (33) नंदू गिरोह के नाम से जाने जाने वाले सांगवान के गिरोह का एक महत्वपूर्ण सदस्य है और वह एक साल से अधिक समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।

यह मामला जबरन वसूली के प्रयास से संबंधित है, जिसमें गैंगस्टर कपिल सांगवान ने कथित तौर पर दिल्ली निवासी से दो करोड़ रुपये की मांग की थी। जब उस व्यक्ति ने भुगतान करने से इनकार कर दिया, तो गिरोह के सदस्यों ने उसके घर की टोह ली और उसे डराने-धमकाने के लिए वीडियो रिकॉर्ड किए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘कप्तान ने अवैध हथियार मुहैया कराकर और शिकायतकर्ता के घर पर गोलीबारी की योजना को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई।’ पिछले साल छावला थाने में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को दीनपुर में कप्तान की गतिविधियों के बारे में मिली सूचना के बाद जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया गया।

इससे पहले एक अन्य गिरोह सदस्य को पीड़ित के घर की रेकी करते हुए पकड़ा गया था। उन्होंने बताया कि उसने कप्तान समेत अन्य गिरोह सदस्यों की संलिप्तता और बंदूकों के इस्तेमाल की योजना का खुलासा किया।

पुलिस ने बताया कि कप्तान एक आदतन अपराधी है जिसका आपराधिक इतिहास एक दशक से अधिक पुराना है और वह पहले भी दिल्ली-एनसीआर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, जबरन वसूली और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन सहित लगभग 10 मामलों में शामिल रहा है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप