पाकिस्तान में रह रहे आतंकी भट्टी के नेटवर्क का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस

पाकिस्तान में रह रहे आतंकी भट्टी के नेटवर्क का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस

पाकिस्तान में रह रहे आतंकी भट्टी के नेटवर्क का प्रमुख सदस्य गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस
Modified Date: March 23, 2026 / 10:25 pm IST
Published Date: March 23, 2026 10:25 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पाकिस्तान में रह रहे आतंकवादी शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है और एक ऐसे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है जो सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं की भर्ती कर रहा था और उन्हें दुष्प्रचार से लेकर आतंकी हमलों तक की गतिविधियों के लिए प्रशिक्षित कर रहा था। यह जानकारी सोमवार को एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी 18 वर्षीय आरोपी हरमनदीप सिंह उर्फ ​​हरमन को भट्टी और उसके विदेश आधारित नेटवर्क पर की गई गुप्त निगरानी के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एन चैतन्य ने एक बयान में कहा, ‘‘गिरफ्तारी से पाकिस्तान से संचालित संगठित आतंकी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें आका भारत के कमजोर युवाओं को निशाना बना रहे थे और उन्हें धन तथा आलीशान जीवनशैली का लालच दे रहे थे।’’

पुलिस ने बताया कि आरोपी भट्टी और उसके साथियों के साथ कई सोशल मीडिया मंचों के ज़रिए नियमित संपर्क में था।

इसने कहा कि उसके मोबाइल फोन में कथित तौर पर पाकिस्तान में मौजूद आकाओं के साथ बातचीत, साथ ही उनके इशारे पर की गई गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो मिले।

हरमन ने यह भी दावा किया कि उसके साथी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल थे।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि भट्टी के पाकिस्तान में रह रहे एक साथी ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से इस घटना की योजना बनाने की ज़िम्मेदारी ली थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हरमन को उसे सौंपे गए काम के तहत सार्वजनिक स्थानों पर भित्तिचित्र बनाने का निर्देश दिया गया था ताकि डर फैलाया जा सके और मॉड्यूल की ओर ध्यान आकर्षित किया जा सके। इन निर्देशों का पालन करते हुए, उसने कथित तौर पर पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवारा में तीन स्थानों पर भित्तिचित्र बनाए और सबूत के तौर पर अपने आकाओं के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा किए।’’

पुलिस ने बताया कि हरमन के पास से भित्तिचित्र बनाने के लिए इस्तेमाल की गई काले रंग की स्प्रे पेंट की बोतल और आपत्तिजनक सामग्री वाला एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि विश्वास जीतने और प्रतिबद्धता का आकलन करने के बाद, आका भर्ती किए गए लोगों को ग्रेनेड हमले या गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम देने का कार्य सौंपते थे।

चैतन्य ने कहा, “पूछताछ के दौरान, हरमन ने खुलासा किया कि उसने कम उम्र में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी और बाद में सोशल मीडिया मंच पर सक्रिय हो गया। गैंगस्टरों की जीवनशैली दिखाने वाले पोस्ट से प्रभावित होकर, वह इस प्रकार के नेटवर्क में शामिल होने के लिए प्रेरित हुआ।”

उन्होंने बताया कि घर छोड़ने के बाद आरोपी आपराधिक तत्वों के संपर्क में आया और अंततः बिचौलियों के माध्यम से भट्टी के नेटवर्क से जुड़ गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने आकाओं के साथ रामपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले की योजना पर भी चर्चा की थी। इसने कहा कि आकाओं ने आश्वासन दिया था कि पंजाब से संचालित होने वाले नेटवर्क के माध्यम से ड्रोन मार्गों का उपयोग करके विस्फोटक की आपूर्ति की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों की समय पर गिरफ्तारी से आतंकी मॉड्यूल की योजना विफल हो गई और संभावित हमलों को रोका जा सका।

पुलिस ने बताया कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में