बेंगलुरु में अस्पताल की दीवार गिरने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियात बरते राज्य सरकार : खरगे

बेंगलुरु में अस्पताल की दीवार गिरने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियात बरते राज्य सरकार : खरगे

बेंगलुरु में अस्पताल की दीवार गिरने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए एहतियात बरते राज्य सरकार : खरगे
Modified Date: April 30, 2026 / 04:52 pm IST
Published Date: April 30, 2026 4:52 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

कलबुर्गी (कर्नाटक), 30 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक सरकार से यह सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाने को कहा कि बेंगलुरु के सरकारी अस्पताल के परिसर की दीवार गिरने जैसी घटनाएं दोबारा न हों।

बेंगलुरु में बुधवार को भारी बारिश के कारण बोरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के परिसर की दीवार ढह जाने से एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई और जबकि सात अन्य घायल हो गए।

खरगे ने कहा, ‘‘कुछ लोगों का कहना है कि यह एक पुराना परिसर था, जबकि अन्य लोगों की राय में इसका निर्माण ठीक से नहीं हुआ था… मैंने देखा है कि दीवार में दरारें हैं। मैंने वहां के लोगों से बात की है। दीवार की मरम्मत की जानी चाहिए और प्रभावित फेरीवालों व अन्य लोगों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि परिसर के बगल में सड़क पर विक्रेताओं को कारोबार करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यह हर जगह हो रहा है, यहां तक ​​कि कलबुर्गी में भी, जहां वे (रेहड़ी पटरीवाले) फुटपाथ पर सामान बेचते हैं। अगर हम इसके खिलाफ कुछ कहते हैं, तो वे हम पर उनकी रोजी-रोटी में बाधा डालने का आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि उन्हें शहरों में अन्य नागरिकों के लिए परेशानी नहीं खड़ी करनी चाहिए।”

उन्होंने नगरपालिकाओं से रेहड़ी पटरी वालों के लिए उपयुक्त स्थान आवंटित करने और उनकी मदद करने की अपील की।

खरगे ने कहा कि बेंगलुरु में जो घटना घटी है, वह अन्य स्थानों पर भी हो सकती है, इसलिए सरकार को एहतियात बरतना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को रेहड़ी पटरी वालों और छोटे व्यापारियों की मदद करने की कोशिश करनी चाहिए।’’

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने परिसर की दीवार गिरने की घटना की जांच के आदेश दिए हैं और प्रत्येक मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।

भाषा राजकुमार रवि कांत


लेखक के बारे में