खरगे, राहुल ने मुख्यमंत्री को लेकर केरल के प्रमुख नेताओं के साथ मंथन किया

Ads

खरगे, राहुल ने मुख्यमंत्री को लेकर केरल के प्रमुख नेताओं के साथ मंथन किया

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 08:32 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 08:32 PM IST

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर शनिवार को पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की और विधायक दल के नेता के नाम पर जल्द फैसला होने की संभावना है।

खरगे के आवास ’10 राजाजी मार्ग’ पर हुई बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ, वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला और वी डी सतीशन शामिल हुए।

बैठक में कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक तथा प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी भी मौजूद रहे।

कांग्रेस की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने तीन घंटे से अधिक समय तक चली बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हममें से प्रत्येक ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से बात की। व्यक्तिगत तौर पर भी हमने बात की और उन्होंने अपना मार्गदर्शन दिया है।’’

उन्होंने कहा कि आलाकमान की तरफ से जल्द फैसला कर लिया जाएगा।

उन्होंने केरल में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अपने-अपने नेताओं के समर्थन में प्रदर्शन करने को लेकर कहा कि वे संयम से काम लें, क्योंकि इस तरह का अशिष्ट व्यवहार कांग्रेस की संस्कृति नहीं है।

दासमुंशी ने कहा, ‘‘केरल की जनता ने हमें प्रचंड बहुमत दिया है। हम सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध कर रहे हैं कि वे इस तरह की गतिविधि को रोकें।’’

केरल के अपने विधायकों की राय लेने के बाद पार्टी के दोनों पर्यवेक्षकों माकन और वासनिक ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपी थी।

सतीशन, चेन्निथला और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद उम्मीदवार माने जा रहे हैं।

केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ की जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन पर विचार जानने के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षकों मुकुल वासनिक और अजय माकन ने बृहस्पतिवार को पार्टी विधायकों और गठबंधन सहयोगियों के साथ बैठक की थी। इसी बैठक में पार्टी की परंपरा के अनुरूप एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था।

सूत्रों का कहना है कि विधायकों से रायशुमारी के दौरान ज्यादातर ने वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री के लिए अपनी पसंद बताया था, हालांकि यह माना जा रहा है कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच सतीशन की स्वीकार्यता ज्यादा है।

यूडीएफ ने नौ अप्रैल को हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 140 सीट में से 102 सीट हासिल कीं। गठबंधन की प्रमुख पार्टी कांग्रेस ने 63 सीट पर जीत दर्ज की है।

भाषा हक रवि कांत दिलीप

दिलीप