खरगे राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन
खरगे राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को दाखिल करेंगे नामांकन
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।
वह एक बार फिर से कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार होंगे। वह वर्तमान में भी अपने गृह प्रदेश से ही उच्च सदन के सदस्य हैं और 25 जून को उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है। वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि वह शुक्रवार को बेंगलुरु में नामांकन दाखिल करेंगे।
कर्नाटक की चार राज्यसभा और सात विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए अधिसूचना बीते सोमवार को जारी की गई, जिसके तहत मतदान 18 जून को होगा।
राज्यसभा सदस्य के रूप में खरगे के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इरन्ना कडाडी और नारायण कोरगप्पा तथा जनता दल (सेक्युलर) के एचडी देवेगौड़ा का कार्यकाल 25 जून को समाप्त होने वाला है, जिसके मद्देनजर इन चार सीट पर चुनाव कराए जा रहे हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है। नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को की जाएगी।
वहीं, उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून है। मतगणना 18 जून को ही मतदान की समाप्ति के बाद की जाएगी।
विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के मद्देनजर सत्तारूढ़ कांग्रेस के राज्यसभा की चार सीट में से तीन और विधान परिषद की सात सीट में से पांच पर जीत हासिल करने की उम्मीद है।
भाषा हक हक नरेश
नरेश

Facebook


