कोच्चि हिट-एंड-रन के मामले में फरार आरोपी चिकित्सक पकड़ा गया

कोच्चि हिट-एंड-रन के मामले में फरार आरोपी चिकित्सक पकड़ा गया

कोच्चि हिट-एंड-रन के मामले में फरार आरोपी चिकित्सक पकड़ा गया
Modified Date: March 6, 2026 / 02:48 pm IST
Published Date: March 6, 2026 2:48 pm IST

कोच्चि, छह मार्च (भाषा) कोच्चि के समीप ‘हिट-एंड-रन’ की घटना में 19 वर्षीय लड़की की मौत के बाद फरार आरोपी चिकित्सक को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने डॉ. सीरियाक जॉर्ज को गुप्त सूचना के आधार पर इडुक्की जिले के वागामोन के पास कन्ननकुलम स्थित एक रिसॉर्ट से हिरासत में लिया।

अधिकारियों ने बताया कि सादे कपड़े पहनकर रिसॉर्ट पहुंचे पुलिसकर्मियों को देखते ही जॉर्ज ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहा। आरोपी को वागामोन पहुंची अंगमाली पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया।

दिन के दौरान ही इससे पहले पुलिस ने जॉर्ज के पिता जॉर्ज मैथ्यू (कोट्टायम जिले के अथिरामपुझा निवासी) को आरोपी की गिरफ्तारी से बचने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने बताया कि मैथ्यू को अंगमाली थाने बुलाया गया और पूछताछ के बाद उन्हें आरोपी को फरार रहने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद जॉर्ज ने सीरियाक से मुलाकात कर उसे छिपने में मदद की थी।

अधिकारियों ने बताया कि हिट-एंड-रन की घटना जिस वाहन से हुई थी वह भी मैथ्यू के नाम पर पंजीकृत था।

एडवनक्कड़ निवासी जसलिया जॉनसन (19) 26 फरवारी को शाम करीब साढ़े सात बजे अंगमाली स्थित अपने छात्रावास में लौटते समय कार की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यहां एक निजी अस्पताल द्वारा तीन मार्च को लड़की को मस्तिष्कीय रूप से मृत घोषित किए जाने के बाद उसके माता पिता ने उसके यकृत, गुर्दे और आंखों के कॉर्निया दान करने की सहमति दी।

डॉ. सीरियाक, एर्णाकुलम के एक निजी अस्पताल में हाउस सर्जन के रूप में काम कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि जांच दल ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया था और एर्नाकुलम, कोट्टायम तथा इडुक्की जिलों में छापेमारी करने के बाद उसे ढूंढ लिया।

सीरियाक ने अग्रिम जमानत के लिए कोट्टायम जिला एवं सत्र न्यायालय में याचिका भी दायर की।

भाषा यासिर रंजन

रंजन


लेखक के बारे में