कोलकाता में पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की

कोलकाता में पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की

कोलकाता में पुलिस ने एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के विरूद्ध कार्रवाई शुरू की
Modified Date: March 12, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: March 12, 2026 8:17 pm IST

कोलकाता, 12 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने के बीच कोलकाता पुलिस ने बृहस्पतिवार को एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस की इस कार्रवाई से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को प्रशासन को रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

अधिकारी ने बताया कि लालबाजार स्थित शहर के पुलिस मुख्यालय ने सभी थानों को एलपीजी वितरण और भंडारण पर निगरानी तेज करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोलकाता में एलपीजी की कृत्रिम कमी न हो। कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।’’

अधिकारी ने बताया कि सभी मंडलों के उपायुक्तों को सतर्क कर दिया गया है और उनसे अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले थानों को गैस सिलेंडर गोदामों और वितरण केंद्रों की निगरानी करने का निर्देश देने को कहा गया है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह जांच कर रहे हैं कि घरेलू उपयोग के लिए बने एलपीजी सिलेंडर व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए तो नहीं भेजे जा रहे हैं । सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस उन लोगों पर भी नजर रख रही है जिन पर पहले घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरकर अवैध रूप से बेचने का आरोप लगा था, कभी-कभी व्यावसायिक गतिविधियों के लिए या वाहनों में ईंधन के रूप में।

इस बीच, पुलिस बैरकों को निर्देश दिया गया है कि वे ‘इंडक्शन कुकटॉप’ और माइक्रोवेव अवन जैसे वैकल्पिक खाना पकाने के उपकरणों की व्यवस्था करें। भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में