कुरुक्षेत्र:सड़क पर तुनकमिजाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत, परिवार ने विरोध-प्रदर्शन किया

कुरुक्षेत्र:सड़क पर तुनकमिजाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत, परिवार ने विरोध-प्रदर्शन किया

कुरुक्षेत्र:सड़क पर तुनकमिजाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत, परिवार ने विरोध-प्रदर्शन किया
Modified Date: September 20, 2026 / 12:45 am IST
Published Date: September 20, 2026 12:45 am IST

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 19 सितंबर (भाषा) कुरुक्षेत्र में कुछ दिन पहले तलवारों और डंडों से कथित तौर पर हमला किये जाने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए 29 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गई जिसके बाद उसके परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बताया कि परिजनों ने शव पेहोवा के मुख्य चौक पर रखकर सड़क जाम कर दी और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान पेहोवा के स्यालकोट गांव के गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 14 सितंबर को हुई, जब गुरप्रीत रात करीब नौ बजे अपने रिश्ते के भाई गगनदीप सिंह और दोस्त अभिषेक के साथ घर का सामान खरीदने के लिए पेहोवा बाज़ार कार से जा रहे थे।

गगनदीप की शिकायत के अनुसार, बाज़ार की ओर जाते समय उनकी गाड़ी के सामने एक ‘एसयूवी’ आ गई और उनका रास्ता रोक दिया।

आरोप है कि ‘एसयूवी में सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और कुछ दूर चलने के बाद अपनी गाड़ी रोक दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

गगनदीप का कहना है कि जब उन्होंने पूछा कि उन्होंने अचानक गाड़ी क्यों रोकी, तो आरोपी गाली-गलौच करने लगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्ण पंडित नाम का एक व्यक्ति तलवार लेकर अपनी गाड़ी से बाहर निकला और उन पर हमला किया, जबकि एक अन्य आरोपी ने उनके सिर पर डंडे से वार किया।

शिकायत के अनुसार, पंडित ने कथित तौर पर तलवार से गुरप्रीत के सिर पर कई बार हमला किया, जबकि दूसरे आरोपी ने उस पर डंडे से हमला किया।

गगनदीप और गुरप्रीत दोनों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिषेक अपनी जान बचाकर भाग गया।

घायल लोगों को उनके परिजन अस्पताल ले गए। गगनदीप का इलाज एलएनजीपी अस्पताल में हुआ, जबकि गुरप्रीत को कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह गुरप्रीत की मौत हो गई।

शाम करीब चार बजे, गुरप्रीत के रिश्तेदारों ने उसका शव पेहोवा के मुख्य चौक पर रखकर सड़क जाम कर दी।

पुलिस उपाधीक्षक रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन परिवार अपनी मांग पर अड़ा रहा।

पेहोवा के थाना प्रभारी सुनील वत्स ने बताया कि अब तक की जांच में गुरप्रीत और आरोपी के बीच किसी दुश्मनी का कोई सबूत नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि झगड़ा रास्ते के अधिकार और उसी दिन हुई एक मामूली बहस को लेकर शुरू हुआ था।

वत्स ने बताया कि पुलिस ने 15 सितंबर को कर्ण पंडित और एक अन्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

भाषा राजकुमार शोभना

शोभना


लेखक के बारे में