पश्चिम सिक्किम में भूस्खलन, एसएसबी ने निवासियों को बचाया

Ads

पश्चिम सिक्किम में भूस्खलन, एसएसबी ने निवासियों को बचाया

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 10:04 AM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 10:04 AM IST

गंगटोक, 15 सितंबर (भाषा) पश्चिम सिक्किम के करमातार और अपर बुलुंग इलाकों में भूस्खलन हुआ। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे करमातार गांव में एक स्थानीय स्कूल के नीचे भूस्खलन हुआ।

उन्होंने कहा कि इनटेक स्थित एसएसबी की ‘जी’ कंपनी की चौकी से भूस्खलन का पता चला जिसके बाद प्रभावित इलाके में आपदा बचाव दल को भेजा गया।

उन्होंने कहा कि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नागरिक प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आपदा बचाव दल ने एहतियात के तौर पर भूस्खलन वाले इलाके के ठीक ऊपर बने एक रिहायशी घर से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अधिकारियों ने बताया कि इस बीच स्थानीय लोगों ने अपर बुलुंग में एक और भूस्खलन की सूचना एसएसबी को दी जहां मलबे के कारण एक सड़क अवरुद्ध हो गई।

एसएसबी के कंपनी कमांडर और उपमंडल अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही अब भी बाधित है, लेकिन किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने और यातायात बहाल करने के लिए भारी ‘अर्थ-मूविंग’ मशीन (खुदाई में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीन) मंगाई गई हैं।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव