नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) सऊदी अरब में मक्का और मदीना की पवित्र यात्रा संपन्न कर हाजियों का आखिरी जत्था मंगलवार तड़के राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। दिल्ली राज्य हज कमेटी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, तड़के 3.27 बजे ‘सऊदी अरबियन एयरलाइन’ की 54वीं उड़ान 318 हाजियों को लेकर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उतरी जहां दिल्ली हज कमेटी की प्रमुख कौसर जहां और अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बयान में कहा गया है कि इसी के साथ उत्तरी भारत के सबसे बड़े ‘हज एम्बार्केशन प्वाइंट’ से दिल्ली राज्य हज कमेटी के माध्यम से पवित्र यात्रा पर गए 21,032 हाजियों की वापसी का सिलसिला पूरा हो गया।
दिल्ली हज कमेटी के कार्यपालक अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने बताया कि इस साल दिल्ली हज कमेटी के माध्यम से 18 अप्रैल से 20 मई के बीच यात्री मक्का-मदीना के लिए रवाना हुए तथा दो जून से 30 जून के बीच वे वापस लौट आए जिनमें 29 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश के 21,032 हाजी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें दिल्ली के 3,212, हरियाणा के 1,626, उत्तर प्रदेश के 10,992, बिहार के 1,374, जम्मू-कश्मीर के 1,053, उत्तराखंड के 1,348, राजस्थान के 444, झारखंड के 230, मध्य प्रदेश के 209, हिमाचल प्रदेश के 67, पंजाब के 308, गुजरात के सात, पश्चिम बंगाल के 60, लद्दाख के दो, असम के 26, छत्तीसगढ़ के 14, कर्नाटक के सात, अरुणाचल प्रदेश के दो, चंडीगढ़ के 31, ओडिशा के नौ, तमिलनाडु के तीन, तेलंगाना के दो, त्रिपुरा के दो तथा महाराष्ट्र के चार हाजी शामिल हैं।
बयान के मुताबिक, कुल हाजियों में 9,684 महिलाएं तथा 11,348 पुरुष शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 2,000 अल्पकालिक (शॉर्ट टर्म) हाजी तथा बिना महरम (पुरुष साथी) के हज पर गई 43 महिलाएं भी शामिल हैं।
हज इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है जो हर साल बकरीद के मौके पर सऊदी अरब में होता है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश