दिल्ली: 21 वर्षीय मुस्कान के परिवार से मिलीं लता गुप्ता, जांच की जानकारी मांगी
दिल्ली: 21 वर्षीय मुस्कान के परिवार से मिलीं लता गुप्ता, जांच की जानकारी मांगी
नयी दिल्ली, 30 अगस्त (भाषा) दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष लता गुप्ता ने रविवार को हाल में पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एक हमले में जान गंवाने वाली 21 वर्षीय मुस्कान शर्मा के परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
लता गुप्ता ने मुस्कान के घर जाकर उसकी मां, भाई और बहन से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि आयोग कानूनी, प्रशासनिक या कोई भी अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगा।
आयोग की प्रमुख ने बाद में संबंधित थाना प्रभारी (एसएचओ) से बात की और अब तक की गई जांच की जानकारी मांगी।
उन्होंने त्वरित, निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित जांच की जरूरत पर जोर दिया तथा कहा कि कानून के अनुसार मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जानी चाहिए।
लता गुप्ता ने कहा, “दिल्ली महिला आयोग इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ा है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जांच निष्पक्ष, तेज और तथ्यों पर आधारित हो तथा किसी भी महत्वपूर्ण पहलू की अनदेखी न हो।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पुलिस अधिकारियों से उपलब्ध तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
लता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों में आयोग पीड़ितों और उनके परिवारों को जरूरी सहायता एवं संस्थागत सहयोग देना जारी रखेगा।
मुस्कान शर्मा की हत्या के मामले में 26 वर्षीय एक जिम प्रशिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी आकिब उर्फ इमरान के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक मामला यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत भी है।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय की 21 वर्षीय छात्रा द्वारा रिश्ता खत्म करने का फैसला लेने के बाद आरोपी इमरान ने उस पर कथित रूप से चाकू से हमला किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार को पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


