मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर मंगलुरु में विधि प्रकोष्ठ शुरू
मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर मंगलुरु में विधि प्रकोष्ठ शुरू
मंगलुरु, आठ सितंबर (भाषा) सोशल डेमोक्रैटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं की सहायता के लिए मंगलुरु नगर में एक एसआईआर विधि प्रकोष्ठ शुरू किया है। पार्टी नेता जमाल जोकट्टे ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एसडीपीआई की मंगलुरु नगर इकाई के महासचिव जोकट्टे ने कहा कि असली मतदाताओं की पात्रता पर सवाल उठाने या एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से उनके नाम हटाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और अगर ऐसा होने दिया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
उन्होंने कहा कि अगर पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किया गया, तो पार्टी कानूनी उपाय अपनाएगी।
जोकट्टे ने कहा कि एसआईआर के तहत नोटिस पाने वाले कई मतदाता दस्तावेजों, सुनवाई प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में अपने नामों की स्थिति को लेकर भ्रम का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी रहे और प्रत्येक पात्र मतदाता को अपनी पात्रता साबित करने के लिए निष्पक्ष मौका दिया जाए।
जोकट्टे ने कहा कि एसडीपीआई का विधि प्रकोष्ठ नोटिस का जवाब देने, घोषणा पत्र एवं दस्तावेज तैयार करने, दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने और चुनाव पंजीकरण अधिकारियों के समक्ष पेश होने में मतदाताओं की मदद करेगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी ने मंगलुरु नगर में गांव स्तर और वार्ड स्तर पर विधि प्रकोष्ठ टीम गठित करने की योजना बनाई है, जो घर-घर जाकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराएंगी।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


