नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े एक वकील की कार पर राष्ट्रीय राजधानी के कश्मीरी गेट स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) के पास अज्ञात हमलावरों ने मंगलवार को कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने बताया कि गोलीबारी की सूचना 10 बजे रात को प्राप्त हुई।
बांठिया ने कहा, ‘‘हम तुरंत मौके पर पहुंचे। एक व्यक्ति घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।’’
पुलिस ने बताया कि बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़े एक वकील सहित पांच लोग उस कार में यात्रा कर रहे थे जब मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास यह घटना घटी।
कार में सवार लोगों के अनुसार, तीन हमलावर मोटरसाइकिल पर आए और उनकी गाड़ी पर अंधाधुंध गोलाबारी करने के बाद मौके से फरार हो गए। एक व्यक्ति को कंधे में गोली लगी।
बांठिया ने कहा कि इस समय कुछ भी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता, क्योंकि पीड़ितों ने अलग-अलग बयान दिए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग कह रहे हैं कि दो हमलावर थे, जबकि अन्य लोग तीन बता रहे हैं। हमले में शामिल लोगों की सही संख्या, चलाई गई गोलियों की संख्या और हमलावर कार में आए थे या मोटरसाइकिल पर, जैसे विवरण सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होंगे।’’
उन्होंने यह भी बताया कि कार में सवार लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि एक फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटनाक्रम का पता लगाया जा सके और हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
भाषा सुरेश शोभना
शोभना