स्थानीय निकाय चुनावों में मिली हार अस्थायी है, एलडीएफ केरल में तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगा: बेबी
स्थानीय निकाय चुनावों में मिली हार अस्थायी है, एलडीएफ केरल में तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगा: बेबी
हैदराबाद, 16 फरवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम. ए. बेबी ने सोमवार को कहा कि केरल में हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को मिली हार अस्थायी है और आगामी विधानसभा चुनावों में वह तीसरी बार सत्ता हासिल करेगी।
बेबी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि पिनराई विजयन के नेतृत्व वाला एलडीएफ दक्षिणी राज्य में बना रहेगा।
बेबी ने यहां पत्रकारों से कहा कि अय्यर ने एलडीएफ की सत्ता में वापसी की ‘गारंटी’ दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली से एक कांग्रेस नेता आकर यह बयान दे रहे हैं, जो आम तौर पर जनता की सोच है।’’
कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की आलोचना की परवाह न करते हुए अय्यर अपने इस दावे पर सोमवार को भी कायम रहे कि एलडीएफ केरल में सत्ता बरकरार रखेगा।
माकपा नेता एम. ए. बेबी ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की ‘जनविरोधी नीतियों’, श्रम संहिताओं, मनरेगा के स्थान पर लाए गए नए कानून और व्यापार समझौतों के खिलाफ 24 मार्च को ‘दिल्ली मार्च’ विरोध प्रदर्शन का आयोजन करेगी।
बेबी ने बताया कि इस मार्च से पहले माकपा उत्तर भारतीय राज्यों में एक व्यापक अभियान भी चलाएगी।
‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि ‘व्यापार सौदे ताकत की स्थिति से किए जाते हैं। इस बारे में बेबी ने आरोप लगाया कि देश की वैश्विक प्रतिष्ठा में इतनी तेजी से गिरावट पहले कभी नहीं आई थी।
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


