जोरहाह, 22 सितंबर (भाषा) असम के शिवसागर जिले में तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड (ओएनजीसी) के आवासीय परिसर से एक तेंदुए को बचाया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एक व्यस्क नर तेंदुए को बृहस्पतिवार की रात ओएनजीसी के आवासीय परिसर में देखा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम वहां पहुंच गई। तेंदुए ने किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया।’’
अधिकारी ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम तेंदुए को बेहोश करने में कामयाब हुई और उसे पकड़ लिया गया।
वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जरूरी चिकित्सा जांच के बाद तेंदुए को जंगल में छोड़ दिया गया।’’
मानस नेशनल पार्क के सीमांत गांव में बृहस्पतिवार को एक अन्य तेंदुए के दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, वनकर्मियों ने उसे पकड़कर बाद में जंगल में छोड़ दिया।
भाषा खारी रंजन
रंजन