राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में तेंदुआ सुरक्षित रूप से पकड़ा गया
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में तेंदुआ सुरक्षित रूप से पकड़ा गया
जयपुर, 23 अगस्त (भाषा) राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के दूमोदा और कैलाशपुरी गांवों में पिछले दिनों तेंदुए की गतिविधियों का पता चलने के बाद वन विभाग की ओर से शुरू किया गया निगरानी एवं बचाव अभियान सफल रहा और तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए दूमोदा, कैलाशपुरी तथा आसपास के क्षेत्रों में 40 से अधिक ‘कैमरा ट्रैप’ और ‘केज ट्रैप’ लगाए गए थे, जिनके माध्यम से तेंदुए की आवाजाही की लगातार निगरानी की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बचाव टीम को 24 घंटे तैनात रखा गया था। सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) अजय, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश मीणा और क्षेत्रीय वन अधिकारी राज बहादुर मीणा समेत वन विभाग के कर्मचारियों ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधिकारियों ने बताया कि दूमोदा गांव के एक घर के आंगन में खेल रहे बच्चे को हाल में तेंदुआ उठाकर ले गया था। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
उप वन संरक्षक एवं रणथम्भौर टाइगर रिजर्व-प्रथम के उप क्षेत्र निदेशक मानस सिंह ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आवश्यक सहयोग तथा सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
उन्होंने मौके पर निगरानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को बचाव एवं सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
वन विभाग ने बताया कि ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद भी विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा वन विभाग के साथ सहयोग जारी रखने की अपील की गई है।
विभाग के अनुसार आमजन की सुरक्षा और वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू उसकी प्राथमिकता है।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब

Facebook


