ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर दिल्ली के एलजी और मुख्यमंत्री ने सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना की

ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर दिल्ली के एलजी और मुख्यमंत्री ने सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना की

ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर दिल्ली के एलजी और मुख्यमंत्री ने सशस्त्र बलों की वीरता की सराहना की
Modified Date: May 7, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: May 7, 2026 10:30 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर सशस्त्र बलों की वीरता और पहलगाम आतंकी हमले का करारा जवाब देने के लिए उनकी सराहना की।

संधू ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘हम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ मना रहे हैं – यह भारत के रणनीतिक संकल्प और राष्ट्रीय दृढ़ निश्चय का एक निर्णायक क्षण है।’

उपराज्यपाल ने कहा कि देश के सशस्त्र बलों ने पहलगाम हमले का बहुत बहादुरी, सटीकता और पूरी निष्ठा के साथ जवाब दिया।

उन्होंने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन किया।

उन्होंने कहा, “भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के लिए हर खतरे के प्रति सतर्क, एकजुट और दृढ़ संकल्पित है। एक कृतज्ञ राष्ट्र हमारे वीर जवानों के साहस, बलिदान और अटूट समर्पण को सलाम करता है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर अपनी ‘डिस्प्ले पिक्चर’ बदल दी और इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित किया।

उन्होंने कहा, ‘वह दिन जब भारत के सशस्त्र बलों ने अभूतपूर्व शक्ति के साथ आतंकवाद का जवाब दिया।’

गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता और शौर्य को सलाम।’

भारत ने पिछले साल सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए और कम से कम 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया।

यह अभियान 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें से ज्यादातर पर्यटक थे।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में