दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर में आग लगने से जनहानि पर दुख जताया
दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर में आग लगने से जनहानि पर दुख जताया
( तस्वीरों सहित )
नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर के एक होटल में आग लगने की घटना में जनहानि पर बुधवार को दुख जताया।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में मुख्य रूप से मध्य एशिया और अफ्रीका के कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
संधू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हौज रानी, मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लगने की घटना को लेकर मैं बहुत दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘मालवीय नगर में आग लगने की विनाशकारी घटना में जन हानि से मुझे गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस दिल दहला देने वाली त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।’
उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के बारे बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कैट्स एम्बुलेंस सेवाओं और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीम को तुरंत काम पर लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई से प्रभावित परिसर से कई लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने में मदद मिली।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है और प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।
भाषा अमित मनीषा
मनीषा

Facebook


