कुलगाम आतंकी हमले के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

Ads

कुलगाम आतंकी हमले के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - August 1, 2026 / 03:43 PM IST,
    Updated On - August 1, 2026 / 03:43 PM IST

श्रीनगर, एक अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुलगाम में आतंकवादी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद शनिवार को श्रीनगर में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और सुरक्षा बलों को आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सटीक एवं प्रभावी आतंकवाद-रोधी अभियान तेज करने का निर्देश दिया।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने बैठक की अध्यक्षता लोक भवन में की।

बैठक में नागरिक प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे, जिनमें मुख्य सचिव अतल डुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, गृह विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती, मंडलीय आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एवं उपायुक्त शामिल थे।

प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल ने सभी उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को जम्मू कश्मीर के बाहर से आने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए लागू मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की व्यापक समीक्षा करने का निर्देश दिया।

सिन्हा ने कहा, ‘आतंकवादियों का सफाया करने के लिए हमें सटीक और प्रभावशाली आतंकवाद-रोधी अभियान तेज करने होंगे।’

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नियोक्ता यह सुनिश्चित करें कि देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए सभी श्रमिकों का बीमा कराया जाए तथा उनका विवरण स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के पास पंजीकृत हो।

उपराज्यपाल ने अधिकारियों को आतंकवादी हमले के पीड़ितों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने और शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

छत्तीसगढ़ के रहने वाले दीपक रात्रे और बोपिंदर की शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में मौत हो गई थी।

अधिकारियों के अनुसार, दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि बोपिंदर को पहले सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग ले जाया गया। बाद में उसे सौरा स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप