नयी दिल्ली, 29 मार्च (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली में दोपहर व शाम में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है और रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करके राजधानी में दोपहर व शाम के दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सापेक्ष आर्द्रता 60 प्रतिशत दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़े के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 184 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा खारी अमित
अमित