मिजोरम में चिकित्सा आधार पर शराब परमिट के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा: अधिकारी
मिजोरम में चिकित्सा आधार पर शराब परमिट के लिए सख्त सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा: अधिकारी
आइजोल, सात जून (भाषा) मिजोरम में चिकित्सा आधार पर शराब रखने और इसके सेवन की अनुमति देने वाला विशेष ‘रेड कार्ड’ परमिट प्राप्त करने के लिए बहु-स्तरीय सख्त सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना आवश्यक होगा। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
राज्य के आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग ने पिछले सप्ताह ‘रेड कार्ड’ परमिट योजना की शुरुआत की घोषणा की थी और उन लोगों से आवेदन आमंत्रित किए थे, जिनकी स्वास्थ्य स्थिति में शराब के सेवन की चिकित्सकीय आवश्यकता हो।
अधिकारी ने बताया कि अब तक इस तरह की अनुमति के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि पात्रता के लिए आवेदक को डॉक्टर का ऐसा पर्चा प्रस्तुत करना होगा, जिसमें उपचार के तौर पर शराब सेवन की आवश्यकता प्रमाणित की गई हो।
उन्होंने कहा कि ऐसे पर्चे की संबंधित जिला चिकित्सा अधीक्षक द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी और अंतिम मंजूरी उसके बाद दी जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि ‘रेड कार्ड’ केवल उन्हीं आवेदकों को जारी किया जाएगा जो इस सत्यापन प्रक्रिया में सफल होंगे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह योजना चिकित्सा संबंधी वास्तविक मामलों के लिए है और इसे मिजोरम के शराब नियंत्रण कानूनों से बचने का माध्यम नहीं बनने दिया जा सकता।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ‘रेड कार्ड’ एक वर्ष के लिए वैध होगा और इसके लिए 5,000 रुपये वार्षिक शुल्क निर्धारित किया गया है।
कार्डधारकों को केवल डॉक्टर द्वारा निर्धारित मात्रा में ही शराब खरीदने की अनुमति होगी।
भाषा अमित संतोष
संतोष

Facebook


