पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही बाधित

पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही बाधित

पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष का हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही बाधित
Modified Date: March 9, 2026 / 01:02 pm IST
Published Date: March 9, 2026 1:02 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) विपक्षी दलों के सदस्यों ने पश्चिम एशिया संकट पर सोमवार को लोकसभा में चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्ष के इस रुख पर अडिग रहने के कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी चर्चा और मतदान की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी।

सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे आरंभ हुई तो पीठासीन सभापति जगदंबिका पाल ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए और फिर सभा ने टी20 विश्वकप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी।

इसके साथ ही, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। इनमें से कई सदस्यों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं।

पाल ने विपक्षी सदस्यों से सदन चलने देने की अपील की।

उन्होंने कहा, ‘‘आप लोग सदन में तख्तियां लेकर आए हैं, आप यह पहले से तय करके आएं है कि सदन नहीं चलने देना है।’’

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कांग्रेस पर गैरजिम्मेदार विपक्षी दल होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि लगता है कि विपक्ष असमंजस में है क्योंकि पहले वह खुद लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ ‘अनावश्यक’ प्रस्ताव लेकर आया और अब दूसरा विषय लेकर आ गया।

रीजीजू का कहना था कि सरकार लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष चर्चा शुरू करे।

केंद्रीय मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और गांधी परिवार पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ऐसा गैरजिम्मेदार विपक्षी दल कभी नहीं देखा। क्या एक परिवार, एक व्यक्ति पूरे देश के राजा हैं। (कांग्रेस के) वरिष्ठ लोग अपनी अंतरात्मा में झांककर देखें कि इससे क्या भला हो रहा है, संसद की गरिमा को कितना गिराया है।’’

जगदंबिका पाल ने कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष ने नैतिकता के उच्च मापदंड का हवाला देकर आसन पर नहीं बैठने का फैसला किया, लेकिन आप लोग (विपक्ष) चर्चा नहीं करना चाहते हैं।’’

हंगामा नहीं थमने पर पाल ने दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर कार्यवाही अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

भाषा हक हक वैभव

वैभव


लेखक के बारे में