लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, आज भी नहीं चला प्रश्नकाल

लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, आज भी नहीं चला प्रश्नकाल

लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, आज भी नहीं चला प्रश्नकाल
Modified Date: February 6, 2026 / 11:30 am IST
Published Date: February 6, 2026 11:30 am IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) लोकसभा में शुक्रवार को भी विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका और कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।

सदन की बैठक शुरू हुई तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया और भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजपाल सिंह का नाम पूरक प्रश्न पूछने के लिए पुकारा।

इस दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल सभी सदस्यों का समय होता है और आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का प्रश्न भी सूचीबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हंगामे के कारण इस सत्र में अभी तक सदन का 19 घंटे 13 मिनट का समय बर्बाद हो चुका है।

बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा, ‘‘140 करोड़ जनता की आपसे अपेक्षा रहती है कि सदन चले, यहां चर्चा और संवाद हो। अगर आप नियोजित तरीके से गतिरोध पैदा करने चाहते हैं, सदन की मर्यादाओं को समाप्त करना चाहते हैं तो ऐसा सदन मैं नहीं चला सकता।’’

उन्होंने कुछ मिनट के अंदर ही कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

सदन में सोमवार से गतिरोध की स्थिति बनी हुई है और कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्य राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए चीन से टकराव का मुद्दा नहीं उठाने देने, विपक्ष के आठ सदस्यों को आसन की अवमानना के मामले में निलंबित करने समेत विभिन्न मुद्दों पर हंगामा कर रहे हैं।

बृहस्पतिवार को, राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जवाब के बिना पारित कर दिया गया।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में