कोलकाता, पांच अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार लोकसभा सीट के लिए ‘घर से मतदान’ की प्रक्रिया शुरू की। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
‘घर से मतदान’ सुविधा के तहत मतदान कर्मी मतदाता के घर जाते हैं और मतपत्रों के जरिए उनका वोट स्वीकार करते हैं। देश में 85 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिक तथा न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले लोग इस सुविधा की मांग कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 14 अप्रैल तक जारी रहेगी।
राज्य में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को तीन संसदीय क्षेत्रों में मतदान होगा।
निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने कहा, ‘‘पहले चरण में कुल 11,997 मतदाता ‘घर से मतदान’ की सुविधा के लिए पात्र हैं।’’
उन्होंने कहा कि जो लोग घर से मतदान करेंगे, उन्हें निर्धारित फॉर्म में पहले से निर्वाचन आयोग में आवेदन करना होगा।
भाषा रवि कांत अविनाश
अविनाश