लोकसभा चुनाव: जजपा ने राजग नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए समन्वय समिति का गठन किया

लोकसभा चुनाव: जजपा ने राजग नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए समन्वय समिति का गठन किया

लोकसभा चुनाव: जजपा ने राजग नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए समन्वय समिति का गठन किया
Modified Date: March 3, 2024 / 10:55 pm IST
Published Date: March 3, 2024 10:55 pm IST

चंडीगढ़, तीन मार्च (भाषा) जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने रविवार को कहा कि उसने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया है।

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जजपा दोनों ने हाल के महीनों में कहा है कि वे राज्य से लोकसभा की सभी 10 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और उन्होंने इस बारे में कोई प्रतिबद्धता नहीं जतायी है कि वे ये चुनाव संयुक्त रूप से लड़ेंगे या नहीं।

यह पूछे जाने पर कि लोकसभा चुनाव के बारे में क्या तय किया गया है, हरियाणा के उपमुख्यमंत्री एवं जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजग नेतृत्व के साथ चर्चा के लिए पार्टी प्रमुख डॉ. अजय सिंह चौटाला ने एक समिति का गठन किया है।

उन्होंने कहा, ‘एक सप्ताह के भीतर चर्चा के बाद समिति अपनी रिपोर्ट पीएसी (जजपा की राजनीतिक मामलों की समिति) को देगी। इसके बाद पीएसी निर्णय लेगी।’

यह पूछे जाने पर कि दोनों सहयोगी दलों के बीच कितनी लोकसभा सीटों पर समझौता हो सकता है, दुष्यंत ने कहा, ‘चर्चा होने के बाद निर्णय लिया जाएगा।’’

वह करनाल में अपनी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से इतर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

इससे पहले, लोकसभा चुनाव के सिलसिले में बृहस्पतिवार को दिल्ली में हुई हरियाणा भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में कई नेताओं ने कहा कि पार्टी 2019 के चुनावों का प्रदर्शन दोहराएगी और ‘‘सभी दस सीटों पर कमल खिलेगा।’’

वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में अपने दम पर बहुमत हासिल करने में पिछड़ने के बाद जजपा के साथ चुनाव बाद गठबंधन करने से पहले भाजपा ने 2019 में 10 लोकसभा सीट जीती थी।

जब उनसे पूछा गया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह की पत्नी और भाजपा नेता प्रेम लता मीडिया में बयान देती हैं कि भाजपा को जजपा के साथ गठबंधन तोड़ देना चाहिए, तो दुष्यंत चौटाला ने कहा, ‘पिछले साढ़े चार साल से वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने यहां तक कि अपनी पार्टी छोड़ने की भी बात कही थी (अगर भाजपा जजपा से नाता नहीं तोड़ती)…ऐसा लगता है कि वे भ्रम की स्थिति में हैं।”

आम आदमी पार्टी (आप) के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर उन्होंने कहा, “जिस तरह से कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को एक सीट दी है, ऐसा लगता है उसे भी अब बैसाखियों की जरूरत है।”

‘आप’ और कांग्रेस के गठबंधन के तहत कांग्रेस नौ सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी कुरूक्षेत्र सीट पर चुनाव लड़ेगी।

इस बीच, जजपा के एक बयान के अनुसार, पार्टी ने आगामी संसदीय चुनावों के मद्देनजर उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में समितियों का भी गठन किया।

हरित क्रांति के प्रणेता एम एस स्वामीनाथन और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को इस वर्ष भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए, जजपा ने कहा कि वह पूर्व उपप्रधानमंत्री देवी लाल और बसपा संस्थापक कांशीराम को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार देने के लिए केंद्र से लिखित रूप में भी अनुरोध करेगी।

भाषा अमित देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में