तृणमूल के बागी सांसदों के एनसीपीआई में विलय पर लोकसभा अध्यक्ष सोमवार को ले सकते हैं फैसला
तृणमूल के बागी सांसदों के एनसीपीआई में विलय पर लोकसभा अध्यक्ष सोमवार को ले सकते हैं फैसला
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों के एक कम चर्चित दल ‘नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) में विलय के प्रस्ताव पर फैसला ले सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
लोकसभा अध्यक्ष ने शनिवार को शिवसेना (उबाठा) के छह बागी सांसदों के महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों के मामले में फैसला टाल दिया था।
हालांकि, बिरला ने तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों के लिए मूल पार्टी के सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था करने पर सहमति दे दी थी।
सूत्रों ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों से कुछ दस्तावेज जमा करने को कहा था। इनमें निर्वाचन आयोग के साथ एनसीपीआई के पंजीकरण का प्रमाण और अन्य दस्तावेज शामिल थे। वरिष्ठ नेता काकोली घोष दस्तीदार ने रविवार शाम ये दस्तावेज लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय में जमा कराए।
सूत्रों ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के बाद लोकसभा अध्यक्ष कार्यालय ने अपनी राय से अवगत करा दिया है। बिरला के सोमवार सुबह मानसून सत्र शुरू होने से पहले, सुबह 11 बजे इन बागी सांसदों के मामले में अपना फैसला सार्वजनिक करने की संभावना है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष

Facebook


