पालम मेट्रो के पास आग लगने की घटना के बाद उपराज्यपाल ने व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए

पालम मेट्रो के पास आग लगने की घटना के बाद उपराज्यपाल ने व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए

पालम मेट्रो के पास आग लगने की घटना के बाद उपराज्यपाल ने व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए
Modified Date: March 18, 2026 / 02:35 pm IST
Published Date: March 18, 2026 2:35 pm IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अपनी पहली बैठक की बुधवार को अध्यक्षता करते हुए पूरे शहर में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए।

ये निर्देश दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना के बाद दिए गए जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए हैं।

उपराज्यपाल कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आवासीय इमारत में आज आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर चर्चा की गई; ऐसी घटनाएं रोकने संबंधी कदमों को मजबूत करने के लिए इलाकों और संस्थानों में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए गए।’’

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस उच्चस्तरीय बैठक में शामिल हुईं जिसमें शहरी जलभराव और शहर में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की उपलब्धता जैसे अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

गुप्ता ने आग लगने की घटना की मजिस्ट्रेट से जांच कराए जाने के भी आदेश दिए हैं।

पोस्ट में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्रिय आपदा जोखिम प्रबंधन के दृष्टिकोण के अनुरूप शहरी जलभराव कम करने के उपायों और दिल्ली में जलनिकासी योजना की समीक्षा की गई।’’

उपराज्यपाल कार्यालय ने कहा कि संधू ने पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के बीच एलपीजी, पीएनजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की।

भाषा सिम्मी शफीक

शफीक


लेखक के बारे में