कारगिल युद्ध के नायक कर्नल वांगचुक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए उपराज्यपाल सक्सेना
कारगिल युद्ध के नायक कर्नल वांगचुक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए उपराज्यपाल सक्सेना
लेह, 16 अप्रैल (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना बृहस्पतिवार को कारगिल युद्ध के नायक कर्नल (सेवानिवृत्त) सोनम वांगचुक के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
वांगचुक का 10 अप्रैल को निधन हो गया था।
उपराज्यपाल ने पुष्पांजलि अर्पित कर ‘लायन ऑफ लद्दाख’ के नाम से प्रसिद्ध और महावीर चक्र से सम्मानित इस वीर योद्धा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लद्दाख स्काउट्स के जवानों ने वांगचुक को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया।
अधिकारियों के अनुसार, कर्नल वांगचुक ने 1999 के कारगिल युद्ध में भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। एक युवा अधिकारी के रूप में उन्होंने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और ऊंचे युद्धक्षेत्र में साहसिक अभियानों का नेतृत्व करते हुए असाधारण वीरता का परिचय दिया था, जिसके लिए उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘महावीर चक्र’ से सम्मानित किया गया था।
उपराज्यपाल सक्सेना ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में उनका शौर्य देश और लद्दाख के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिकारी का अदम्य साहस, समर्पण और देश के प्रति सेवा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
उपराज्यपाल ने घोषणा की कि लद्दाख प्रशासन, परिवार और स्थानीय प्रतिनिधियों के परामर्श से लेह में कर्नल वांगचुक के सम्मान में एक स्मारक स्थापित करेगा।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


