स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है मध्यप्रदेश : मोहन यादव

Ads

स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है मध्यप्रदेश : मोहन यादव

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 07:45 PM IST

धार (मप्र), 20 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ धार जिले के पीथमपुर में कुल 650 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित दो निर्माण इकाइयों का उद्घाटन किया।

पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में स्थापित ये दोनों इकाइयां ऑप्टिकल फाइबर और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों का निर्माण करेंगी।

यादव ने प्रताप समूह की दोनों इकाइयों के उद्घाटन के अवसर पर कहा, ‘‘यह पहल स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक प्रौद्योगिकी और औद्योगिक विकास के उस दृष्टिकोण को दर्शाती है, जिसके लिए हमारा राज्य प्रतिबद्ध है।’’

उन्होंने कारोबारी समूह से मध्यप्रदेश में और निवेश करने का आग्रह किया।

यादव ने कहा कि इससे राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, लोगों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी और मध्यप्रदेश नवाचार तथा अवसरों का केंद्र बनेगा।

शेखावत ने कहा कि डिजिटल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में उन्नत प्रौद्योगिकियां भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय बिजली आपूर्ति एवं बेहतर संपर्क व्यवस्था जरूरी है तथा ऑप्टिकल फाइबर और ऊर्जा भंडारण प्रणालियां इस अंतर को पाटने में मदद करेंगी।

व्यापार समूह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कॉर्सिस इंडस्ट्रीज ने करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से ऑप्टिकल फाइबर विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया है। 8,067 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस संयंत्र से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के करीब 300 अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

दूसरी इकाई ‘वोल्टर्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ ने करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों और लिथियम-आयन बैटरी समाधानों के निर्माण की इकाई स्थापित की है। 20,505 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस इकाई से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के करीब 250 अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

भाषा सं दिमो शफीक

शफीक