मप्र: व्यापारी के घर पर गोलीबारी के बाद 10 करोड़ रुपये की रंगदारी, बिश्नोई गैंग से जुड़े तार

Ads

मप्र: व्यापारी के घर पर गोलीबारी के बाद 10 करोड़ रुपये की रंगदारी, बिश्नोई गैंग से जुड़े तार

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 03:33 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 03:33 PM IST

खरगोन, 19 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक व्यापारी के घर पर अज्ञात बदमाशों द्वारा गोलीबारी करने के बाद 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गयी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से संबंध होने की बात भी कही गई। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार को कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में हुई।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय व्यापारी दिलीप राठौर और उनका परिवार इंदौर में था तथा एहतियात के तौर पर राठौर के घर पर सुरक्षा तैनात की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवींद्र वर्मा ने बताया कि दिलीप राठौर के बेटे सत्येंद्र की शिकायत पर बुधवार को मामला दर्ज किया गया और गोलीबारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

शिकायत के अनुसार, घटना के बाद सत्येंद्र और उनके पिता को ‘व्हाट्सऐप’ पर संदेश और धमकी भरे ऑडियो क्लिप भी मिले।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गोलीबारी का वीडियो भेजते हुए 10 करोड़ रुपये की मांग की और घर को बम से उड़ाने की कथित तौर पर धमकी दी।

वर्मा ने बताया कि मंगलवार को आए एक फोन कॉल में पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी गई और पीड़ित परिवार को बुधवार को भी विदेशी नंबरों से कई फोन कॉल आए, जिन्हें परिवार ने नजरअंदाज कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, वीडियो मिलने के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर पर गोलीबारी करते नजर आए।

इस बीच ‘हैरी बॉक्सर’ और ‘अरजू बिश्नोई’ नाम से सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और हमलावरों के लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े होने की बात कही गई है।

पोस्ट में व्यापारी और उसके परिवार को धमकी भी दी गई है।

पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों की जांच की जा रही है और अशोक नगर जिले में हाल ही में सामने आए इसी तरह के एक मामले से संभावित संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

व्यापारी दिलीप राठौर ने बताया कि वह फिलहाल शहर से बाहर हैं और उनका परिवार डरा हुआ है।

उन्होंने इस मामले में और कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

भाषा सं दिमो जितेंद्र

जितेंद्र