असहमति के अधिकार पर सुनियोजित हमला कर रही है सरकार : खरगे

Ads

असहमति के अधिकार पर सुनियोजित हमला कर रही है सरकार : खरगे

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 05:42 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 05:42 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को मोदी सरकार पर भारतीय नागरिकों के सवाल करने और असहमति जताने के लोकतांत्रिक अधिकार पर ‘‘सुनियोजित हमला’’ करने का आरोप लगाया तथा कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के लिए कथित तौर पर जारी किए गए सरकारी आदेश निंदनीय हैं।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि मोदी सरकार ने महज पांच महीने में 1.95 लाख ‘ब्लॉकिंग’ आदेश जारी किए, जिनमें से ज्यादातर ‘‘जवाबदेही की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे छात्रों और युवाओं’’ के खिलाफ थे।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार ने हर भारतीय के बोलने, सवाल करने और असहमति जताने के लोकतांत्रिक अधिकार पर सुनियोजित हमला किया है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर सरकार की कथित सेंसरशिप उतनी ही निंदनीय है, जितना युवाओं के खिलाफ ‘‘लाठीचार्ज और पैलेट गन’’ का इस्तेमाल।

खरगे ने कहा, ‘‘आज कोई भी क्रिएटर, पत्रकार या आम नागरिक यदि इस सरकार की आलोचना में कुछ पोस्ट करता है, तो उसे तत्काल पोस्ट हटाने, एफआईआर की धमकी दी जाती है और समन्वित तरीके से डराया-धमकाया जाता है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत सत्तारूढ़ दल के समर्थक महिलाओं की निजी जानकारी सार्वजनिक करते हैं, दुष्कर्म की धमकियां देते हैं और ऑनलाइन संगठित उत्पीड़न अभियान चलाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होती।

भाषा हक हक दिलीप

दिलीप