आप विधायक कुलदीप कुमार एहतियातन हिरासत से रिहा : पुलिस ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया

Ads

आप विधायक कुलदीप कुमार एहतियातन हिरासत से रिहा : पुलिस ने दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 06:01 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 06:01 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) दिल्ली उच्च न्यायालय को मंगलवार को बताया गया कि सफाईकर्मी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक कुलदीप कुमार को एहतियातन हिरासत में लिया गया था और अब उन्हें रिहा कर दिया गया है।

न्यायमूर्ति नवीन चावला और न्यायमूर्ति रविंदर डुडेजा की पीठ को यह बताया गया, जो कुमार की कथित अवैध हिरासत को लेकर दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

पीठ ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि कुमार की रिहाई के बाद मौजूदा याचिका का उद्देश्य पूरा हो गया है। अन्य राहत के लिए याचिकाकर्ता का परिवार उचित कानूनी उपाय अपनाने के लिए स्वतंत्र है।’’

इससे पहले मुख्य न्यायाधीश डी. के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष मामले का तत्काल सुनवाई के लिए उल्लेख किया गया, जिसके बाद पीठ ने याचिका को मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने की अनुमति दी।

कुमार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता शादान फरासत ने कहा कि मंगलवार सुबह सादे कपड़ों में आए कुछ लोग विधायक को ‘‘उठाकर ले गए’’ और उसके बाद से कोंडली के विधायक के परिवार ने पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

वकील ने कहा, ‘‘कल वह (विधायक) इलाके में एक सफाई कर्मचारी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे और मुआवजे की मांग कर रहे थे। आज सुबह उन्हें हिरासत में ले लिया गया।’’

वकील ने कहा कि सुनवाई शुरू होने से कुछ मिनट पहले उन्हें सूचना मिली कि विधायक को रिहा कर दिया गया है।

पुलिस ने अदालत को बताया कि कुमार को मंगलवार तड़के एहतियातन हिरासत में लिया गया था और अपराह्न तीन बजकर 48 मिनट पर रिहा कर दिया गया।

सोमवार को दिल्ली के सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने कल्याणपुरी में ड्यूटी पर तैनात एक सफाई कर्मचारी की हत्या के विरोध में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में प्रदर्शन किया। उन्होंने एक करोड़ रुपये के मुआवज़े और परिवार के एक सदस्य के लिए पक्की सरकारी नौकरी की मांग की।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप