धार, सात मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले के एक गांव में कथित अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम पर शनिवार को ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिसके कारण दो सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर धामनोद थाना क्षेत्र के सिरसोदिया गांव में हुई।
कुछ खबरों में पथराव में एक महिला और थाना प्रभारी (एसएचओ) के घायल होने का दावा किया गया है, लेकिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने कहा कि संबंधित लोगों की चिकित्सकीय कानूनी जांच (एमएलसी) के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी ने एसएचओ को इंदौर ले जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि पुलिस अधिकारी को सीढ़ी से उतरते समय पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
उन्होंने बताया कि पथराव में तहसीलदार के वाहन का शीशा टूट गया, जबकि एक पुलिस वाहन पर भी हमला किया गया।
डावर ने कहा कि पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, दिमो
रवि कांत