महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने जैविक खेती के तरीके अपनाने की अपील की
महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे ने जैविक खेती के तरीके अपनाने की अपील की
छत्रपति संभाजीनगर, तीन जून (भाषा) महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने बुधवार को किसानों से मिट्टी का क्षरण और जल प्रदूषण को कम करने के लिए जैविक खेती के तरीके अपनाने की अपील की।
वह बीड जिले में अपने दिवंगत पिता और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता गोपीनाथ मुंडे की पुण्यतिथि पर गोपीनाथगढ़ में आयोजित एक सभा में बोल रही थीं।
मुंडे ने कहा कि उर्वरकों से होने वाला प्रदूषण औद्योगिक प्रदूषण से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा, ‘मैंने स्वयं जैविक खेती अपनाने का फैसला किया है। मैं चाहती हूं कि दूसरे भी ऐसा ही करें। पहले साल मुझे नुकसान हो सकता है, लेकिन मैंने जैविक खेती करने का निश्चय कर लिया है।’
उन्होंने उपस्थित लोगों से हर विशेष अवसर पर ग्यारह पेड़ लगाने की अपील भी की।
मुंडे ने कहा, ‘मैंने कभी खेतों में काम नहीं किया। लेकिन किसानों की समस्याओं को समझने के लिए मैंने खेतों में जाकर काम करने का फैसला किया है। मैं अपनी जमीन जोतने जा रही हूं। हर साल 12 दिसंबर को मैं मजदूरों के साथ खेतों में गन्ने की कटाई करूंगी।’
बारह दिसंबर को गोपीनाथ मुंडे की जयंती है।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा

Facebook


