बीड, 12 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में हथियारबंद लोगों के एक गिरोह ने पुरानी रंजिश के चलते एक घर में जबरन घुसकर चार महिलाओं पर हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11.30 बजे बीड जिले के शिरूर कासर में हुई।
पुलिस के अनुसार लाठी, दरांती और कुल्हाड़ी लेकर आए 10-15 लोगों ने कथित तौर पर सतीश भोसले उर्फ खोक्या के घर में घुसकर महिलाओं पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि खोक्या वर्तमान में महाराष्ट्र खतरनाक गतिविधियां रोकथाम (एमपीडीए) अधिनियम के तहत एक मामले में जेल में है। हमलावरों का खोक्या के परिवार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक इस हमले में चार महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
शिरूर कासर पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक प्रवीण जाधव ने कहा, ‘‘उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हम हमलावरों की तलाश कर रहे हैं।’’
सूत्रों ने बताया कि खोक्या बीड जिले के एक राजनेता का करीबी सहयोगी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश