मजूमदार ने बंगाल के मंत्री भुंइया पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को फटकारने का आरोप लगाया, विवाद
मजूमदार ने बंगाल के मंत्री भुंइया पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को फटकारने का आरोप लगाया, विवाद
कोलकाता, चार मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के मंत्री मानस भुंइया पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार के आरोप के बाद बुधवार को राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया। मजूमदार ने मंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक कॉलेज में नये विद्यार्थियों के स्वागत कार्यक्रम के दौरान कुछ प्रोफेसर और विद्यार्थियों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री मजूमदार ने दावा किया कि भुंइया ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के सबांग सजनिकांत महाविद्यालय में हाल ही में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों को आपत्तिजनक ढंग से फटकारा। भुइयां कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष भी हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मजूमदार ने मंत्री को छात्रों और अन्य लोगों को डांटते हुए देखे जा सकने वाली एक कथित वीडियो क्लिप भी साझा की।
हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।
मजूमदार ने आरोप लगाया, ‘‘युवा विद्यार्थियों के सामने उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि कॉलेज का स्तर काफी गिर गया है। उन्होंने मंच से प्राचार्य को फटकार लगाई और विद्यार्थियों को दंडित करने की चेतावनी दी।’’
उन्होंने दावा किया कि जब कुछ विद्यार्थी उनका भाषण सुने बिना जलपान के लिए कार्यक्रम स्थल से चले गए तो मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की।
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वह सबके सामने छात्र-छात्राओं को कैसे धमका सकते हैं?’’
सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मजूमदार ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुनियोजित तरीके से कमजोर किया गया है।
सजनिकांत महाविद्यालय के एक संकाय सदस्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘भुंइया ने ‘विद्यार्थियों के संरक्षक और एक बुजुर्ग शुभचिंतक के रूप में बात की थी, जिन्होंने स्थानीय विधायक के रूप में वर्षों तक कॉलेज के लिए बहुत कुछ किया है। इस मामले में अनावश्यक विवाद पैदा किया जा रहा है।’’
मजूमदार द्वारा लगाए गए आरोपों पर भुइयां या तृणमूल कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाषा
संतोष पवनेश
पवनेश

Facebook


