नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने का एक संपूर्ण मार्ग प्रदान करता है।
नड्डा ने देशभर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों के तहत यहां शांतिपथ पर नागरिकों, स्वास्थ्यकर्मियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न योग आसन किए।
उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सभ्यतागत विरासत का प्राचीन उपहार योग, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के कारण आज स्वास्थ्य और सेहत के लिए एक वैश्विक आंदोलन के रूप में उभरा है।
नड्डा ने इस वर्ष की विषय वस्तु ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ का उल्लेख करते हुए कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन और समग्र कल्याण को बढ़ावा देकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने का एक संपूर्ण मार्ग प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते तनाव, निष्क्रिय जीवनशैली और इससे जुड़ी बीमारियों के दौर में योग शरीर एवं मन के भीतर संतुलन और सामंजस्य स्थापित करने का एक प्राकृतिक माध्यम है।
नड्डा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का एक रूप नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक पद्धति है, जो व्यक्ति और सार्वभौमिक चेतना के बीच गहरे संबंध को विकसित करती है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा, ‘‘योग हमें मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने में सक्षम बनाता है। यह एक निरंतर और जीवनभर चलने वाला अभ्यास है, जो व्यक्ति को आत्म-सुधार, आंतरिक शांति तथा समग्र कल्याण की ओर मार्गदर्शन करता है।’’
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश