‘इंडिया’ की बैठक से पहले ममता बनर्जी ने केजरीवाल से मुलाकात की

Ads

‘इंडिया’ की बैठक से पहले ममता बनर्जी ने केजरीवाल से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - June 7, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - June 7, 2026 / 09:30 PM IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। यह मुलाकात विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक से एक दिन पहले हुई।

टीएमसी ने बैठक को “सौहार्दपूर्ण” बताया और कहा कि दोनों नेताओं ने “आगे के रास्ते” पर चर्चा की।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में क्षेत्रीय दलों टीएमसी और द्रमुक की हार के बाद सत्ता के बदलते समीकरणों के मद्देनजर, ‘इंडिया’ के 23 राजनीतिक दल सोमवार को भाजपा का मुकाबला करने की अपनी रणनीति को फिर से तैयार करने और मतभेदों को दूर करने के लिए बैठक करेंगे।

पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी माननीय अध्यक्ष श्रीमती ममता बनर्जी और हमारे माननीय राष्ट्रीय महासचिव श्री अभिषेक बनर्जी ने आज दिल्ली में श्री अरविंद केजरीवाल जी से मुलाकात की।”

इसमें कहा गया, “सौहार्दपूर्ण बातचीत के बाद, उन्होंने आगे की राह पर विस्तार से चर्चा की।”

टीएमसी ने 2029 में एकता और “बेहतर भविष्य” का आह्वान भी किया, जो स्पष्ट रूप से आगामी लोकसभा चुनावों का संदर्भ था।

पोस्ट में कहा गया, “जब भारत की जनता एकजुट हो जाएगी, तो धरती पर कोई भी ताकत 2029 में न्याय, गरिमा और बेहतर भविष्य की ओर उनके कदमों को रोक नहीं पाएगी।”

ममता बनर्जी ‘इंडिया’ की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली में हैं।

ममता बनर्जी और केजरीवाल की यह मुलाकात आम आदमी पार्टी द्वारा ‘इंडिया’ से अलग होने की घोषणा के कुछ महीनों बाद हो रही है।

आप के सोमवार को होने वाली बैठक में भाग लेने की संभावना कम है।

‘इंडिया’ की बैठक विपक्षी गठबंधन के कुछ घटक दलों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच हो रही है, जिसमें द्रमुक तमिलनाडु में कांग्रेस के “विश्वासघात” के कारण बैठक में शामिल नहीं होगी और माकपा ने शीर्ष कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए उन आरोपों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की है कि केरल में वामपंथी दलों ने भाजपा के साथ मिलीभगत की थी।

टीएमसी ने केजरीवाल और आप दोनों के साथ सीधा संपर्क बनाए रखा है, और पिछले दो वर्षों में दोनों पार्टियों के नेता कई मौकों पर मिले हैं, जिनमें 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद विपक्षी संपर्क प्रयासों के दौरान और प्रमुख विपक्षी परामर्शों से पहले की मुलाकातें शामिल हैं।

टीएमसी ने केंद्र सरकार के साथ टकराव में केजरीवाल और आप का समर्थन भी किया है।

ममता बनर्जी और केजरीवाल की मुलाकात में ‘इंडिया’ की बैठक या भविष्य में विपक्ष के संभावित समन्वय पर चर्चा हुई या नहीं, इस बारे में दोनों पक्षों की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश