भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं ममता बनर्जी, ईवीएम से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं ममता बनर्जी, ईवीएम से छेड़छाड़ का लगाया आरोप

भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं ममता बनर्जी, ईवीएम से छेड़छाड़ का लगाया आरोप
Modified Date: April 30, 2026 / 10:15 pm IST
Published Date: April 30, 2026 10:15 pm IST

कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी बृहस्पतिवार को भवानीपुर के ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ पहुंचीं और ईवीएम में छेड़छाड़ और धांधली का आरोप लगाया।

बनर्जी दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल पहुंचीं, जो भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र का मतगणना केंद्र है और जहां 29 अप्रैल को हुए मतदान की ईवीएम के लिए ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ बनाया गया है।

बनर्जी शहर में हो रही मूसलाधार बारिश की परवाह किए बिना शाम को ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ स्थल पर पहुंचीं और अंतिम समाचार प्राप्त होने तक वह अंदर ही रूकी हुई थीं।

कोलकाता के महापौर और कोलकाता पोर्ट सीट से टीएमसी के उम्मीदवार फिरहाद हाकिम भी मौके पर पहुंचे, लेकिन वह मुख्यमंत्री से नहीं मिल सके क्योंकि वह पहले ही अपने चुनाव एजेंट के साथ स्ट्रॉन्ग रूम के अंदर जा चुकी थीं।

स्कूल परिसर के बाहर बनर्जी का इंतजार करते हुए फिरहाद हाकिम ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिलने पर मैं यहां पहुंचा, लेकिन मैं उनसे मिल नहीं सका क्योंकि वह पहले से ही परिसर के अंदर थीं और उम्मीदवार के रूप में अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए स्ट्रॉन्ग रूम का दौरा कर रही थीं। मुझे वहां जाने की अनुमति नहीं मिली। मैं यह पुष्टि नहीं कर पाऊंगा कि अंदर वास्तव में क्या हो रहा है।’’

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ जब उत्तरी कोलकाता की दो सीटों से पार्टी के उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि परिसर के स्ट्रॉन्ग रूम में रखी ईवीएम में छेड़छाड़ की जा रही है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में