पूर्वी दिल्ली में हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

पूर्वी दिल्ली में हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 06:04 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 06:04 PM IST

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में पिछले महीने एक व्यक्ति पर गोली चलाने और फिर उसपर चाकू से हमला करने के आरोप में वांछित एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद शनिवार को रिंग रोड-भैरो मार्ग इलाके से सरफराज उर्फ ​​फराज (28) को पिस्तौल और तीन कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया।

कई आपराधिक मामलों में कथित संलिप्तता के कारण नवंबर में उसे छह महीने के लिए दिल्ली से निष्कासित कर दिया गया था, लेकिन वह शहर में सक्रिय रहा।

यह मामला 25 जनवरी का है, जब कथित तौर पर एक समूह ने त्रिलोकपुरी बस अड्डे के पास एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किया था। उस व्यक्ति को गोली भी लगी थी।

मयूर विहार पुलिस थाने में बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों से मिलने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि शस्त्र अधिनियम के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष